श्रीनगर गढ़वाल स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में 24 घंटे से भी अधिक समय से एक गुलदार कैद है. उसे पकड़ पाने में वन विभाग की टीम अब तक असफल रही है. उल्लेखनीय है कि कल रविवार को यह गुलदार अचानक मेडिकल कॉलेज में दाखिल हो गया था और इस क्रम में उसने कॉलेज के स्टाफ और दो सुरक्षाकर्मियों को घायल कर दिया था. तीनों घायल लोगों का मेडिकल कॉलेज में ही उपचार किया गया.
इस बीच कल शाम को गुलदार की एक्सक्लूसिव तस्वीरें न्यूज18 के कैमरे में कैद हुई. तीन लोगों को घायल करने वाला गुलदार बड़े आराम से मेडिकल कॉलेज के अंदर घूमता पाया गया है.
इस गुलदार को गिरफ्त में लेने की कोशिश की जा रही है. उसे रेस्क्यू करने के लिए मशहूर शिकारी जॉय हुकिल को बुलाया गया है. साथ ही मेडिकल कॉलेज में वन्यजीव विशेषज्ञ के साथ वन विभाग की टीम पिंजरे के साथ मौजूद है.
गुलदार को गिरफ्त में लेने के लिए जमा हुए लोग उसे बेहोश कर पकड़ने में लगे हुए हैं. इसके लिए उसे ट्रैंक्यूलाइज करने का मौका देखा जा रहा है.
बता दें कि इस गुलदार के दो शावक भी आसपास के इलाके में देखे गए हैं. ऐसे में यह गुलदार अपने बच्चों तक पहुंचने के लिए बेसब्र होगा. मगर वह असुरक्षित महसूस करते हुए और लोगों पर भी हमला कर सकता है.
इस बीच मेडिकल कॉलेज में दहशत व्याप्त है. स्टूडेंट्स के साथ ही स्टाफ भी कॉलेज के अंदर जाने से कतरा रहे हैं. मेडिकल कॉलेज की बिल्डिंग में गुलदार कहां छिपा है किसी को मालूम नहीं है.